विवादित जमीन पर निर्माण रुकवाया
कोतवाली देहात। विवादित जमीन पर किए जा रहे निर्माण को पुलिस ने रुकवा दिया। मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया है। कस्बा कोतवाली देहात से सटे गांव पित्तनहेड़ी जिया में एक जमीन पर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। जमीन पर दोनों ही पक्ष अपना दावा कर रहे हैं। जिसके आधार पर कोर्ट ने भी जमीन पर यथास्थिति बनाए रखने के लिए आदेश जारी किया था। यथास्थिति आदेश के बावजूद भी पिछले दो दिनों से जमीन पर निर्माण किया जा रहा था। दूसरे पक्ष की ओर से रविवार को पुलिस से शिकायत की गई। मौके पर पुलिस पहुंची तो वहां से लाठी-डंडे बरामद हुए। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है और निर्माण को रुकवा दिया। बताया जा रहा है कि जिस जमीन पर एक पक्ष अपना दावा कर रहा है उसी जमीन के एक हिस्से को तहसीलदार नगीना ने फरवरी में शत्रु संपत्ति घोषित कर दिया था। इस गांव में 11 जगह की जमीनों को शत्रु संपत्ति घोषित किया जा चुका है। इन 11 जमीनों के मालिक पाकिस्तान चले गए थे।