- बुधवार की शाम दूसरे वर्ग के युवकों द्वारा अपशब्द कहने पर हुआ था विवाद
- बृहस्पतिवार को पथराव के विरोध में वाल्मीकि समाज ने ठप की सफाई
- मौके पर पहुंची एएसपी और सीओ ने ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
- पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़ (बिजनौर)। मोहल्ला गौहरअली खां में बुधवार की शाम वाल्मीकि समाज के युवक को दूसरे वर्ग के लोगों द्वारा अपशब्द कहने पर विवाद हो गया। आरोप है कि दूसरे वर्ग के लोगों ने वाल्मीकि समाज के लोगों पर पथराव किया। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर बृहस्पतिवार को सफाई कर्मियों ने नगर में सफाई कार्य ठप कर दिया। एएसपी पूर्वी और सीओ ने घटना की जांच की। पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बुधवार की शाम मोहल्ला गौहरअली खां स्थित वाल्मीकि बस्ती का युवक ऋषभ बस्ती के समीप तिराहे पर गया था। वहां मोहल्ले के ही दूसरे वर्ग के कुछ युवक डंडा लिए खड़े थे। ऋषभ को अपशब्द कहने पर विवाद हो गया। आरोप है कि वाल्मीकि समाज के लोगों पर पथराव किया गया। मोहल्ले के लोगों ने बीच बचाव किया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों पक्षों के लोगों को समझा बुझा कर शांत किया।
एसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल, सीओ अर्चना सिंह और कोतवाल राजकुमार सरोज मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकालकर चेक किए और पत्थर फेंकने वाले लोगों को तलाश किया। एएसपी के मुताबिक मोहल्ले में शांति है। इस संबंध में पीड़ित युवक की ओर से पांच लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गिरफ्तारी न होने पर वाल्मीकि समाज में रोष
आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर बृहस्पतिवार को वाल्मीकि समाज में रोष फैल गया। उन्होंने नगर की साफ सफाई ठप कर दी। कोतवाली पहुंचकर पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। चेताया कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जाती है तो वह नगर में सफाई कार्य नहीं करेंगें।
मुकदमा लिख लिया गया है। वाल्मीकि समाज के लोगों से काम पर लौटने और शीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार का भरोसा दिया गया है। - अर्चना सिंह, सीओ