शिव भोले की झांकी के साथ धामपुर से गंतव्य की ओर से रवाना होता कांबड़ियों का जत्था।
बिजनौर। भगवान आशुतोष की आस्था में डूबे कांवड़ियों के कदम अपने अपने शिवालयों की तरफ बढ़ रहे हैं। जिले की सड़कें शिवमय हो चुकी है और भगवान भोलेनाथ की जय जयकार गूंज रही है।
शिवरात्रि पर्व जैसे जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे ही कांवड़ लाने वाले शिवभक्तों का काफिला बढ़ रहा है। मंगलवार को बिजनौर शहर से भी गुजरने वाले शिवभक्तों की कतार लंबी दिखाई दी। कांवड़ियों के जत्थे सामूहिक रूप से भोलेनाथ की जय जयकार करते रहे। शिवालयों की तरफ कूच रहे शिवभक्तों की आस्था का आलम ऐसा रहा कि हारे थके कदमों के बावजूद कांवड़ियों के कदम आगे बढ़ते रहे। थक चुके शिवभक्तों को साथ में चल रहे कांवड़ियों ने चल भोले चल..कहकर मंजिल की तरफ बढ़ते बढ़ते रहने के लिए हौंसला बढ़ाया। हर हर महादेव, बोल बम बम-बम आदि जयकारे लगाते हुए कांवड़ियां मंजिल की ओर चलते जा रहे हैं। बता दें कि 18 फरवरी को महाशिवरात्रि है, इससे पहले ही कांवड़ियों को अपने अपने शिवालय तक पहुंचना हैं। कांवड़ यात्रा में सिर्फ युवा ही नहीं बल्कि बुजुर्ग, महिलाएं, किशोरों और बालक शामिल दिखाई दे रहे हैं।
शिव भोले की झांकी के साथ धामपुर से गंतव्य की ओर से रवाना होता कांबड़ियों का जत्था।