बिजनौर। लोकसभा सीट बिजनौर और नगीना सुरक्षित लोकसभा सीट के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार व मतदाताओं को रिझाने के लिए पार्टियों के स्टार प्रचारकों के आने का सिलसिला शुरु होने जा रहा है। भाजपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी बिजनौर और नगीना सुरक्षित सीट से बुधवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। दोनों प्रत्याशियों के नामांकन पत्र दाखिल कराने में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी शामिल रहेंगे।
लोकसभा चुनाव के पहले चरण की नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 27 मार्च यानी बुधवार को पूर्ण हो जाएगी। उसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और वापसी की प्रक्रिया होगी। साथ ही अब प्रत्याशी और उनकी पार्टी मतदाताओं को अपने अपने पक्ष में रिझाने के लिए धूं-धार प्रचार किया जाएगा। इसमें प्रत्याशी के साथ पार्टियों के स्टार प्रचार भी आ रहे हैं। राजनीति पार्टियों के नेताओं के अनुसार लोकसभा चुनाव में सबसे पहले भाजपा के शीर्ष नेता बिजनौर पहुंच रहे हैं। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भाजपा व रालोद गठबंधन प्रत्याशी बिजनौर लोकसभा सीट से विधायक चंदन चौहान और गठबंधन के नगीना सुरक्षित सीट से विधायक ओमकुमार के नामांकन कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। भाजपा नेताओं के अनुसार दो दिन बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिजनौर आकर प्रबुद्ध लोगों के साथ संवाद करेंगे। उनके अलावा अन्य राजनीतिक पार्टियों के स्टार प्रचारकों का भी कार्यक्रम एक दो दिन में आने की संभावना है। हर राजनीतिक दल चुनाव में कोई कसर छोड़ नहीं रहे हैं।