श्रीजी की हुई विशेष पूजा-अर्चना
नजीबाबाद। श्री दिगंबर जैन समाज की ओर से जैन धर्म के दशलक्षण पर्व पर पंचायती व सरजायती मंदिर में श्रीजी की विशेष पूजा की गई।
शुक्रवार को दशलक्षण पर्व के पहले दिन श्रीजी का सामूहिक अभिषेक व पूजन किया गया। समाज के पूर्व प्रधान जिनेश्वर दास जैन ने कहा कि हमें अपने क्रोध पर नियंत्रण रखना चाहिए। सब जीवों के प्रति क्षमा भाव रखना चाहिए। वरिष्ठ सदस्य जितेंद्र जैन ने कहा कि संसार में सब प्राणियों को मिलजुल कर रहना चाहिए। मनुष्य को क्रोध को छोड़कर क्षमा को धारण करना चाहिए। जैन मिलन सचिव अजय जैन ने कहा कि क्रोध का कारण होने पर भी मन में कलुषता, वैर भाव नहीं रखते हुए क्षमा करने का भाव रखना ही उत्तम क्षमा है। श्री दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में तीर्थंकर आदिनाथ भगवान, चंद्र प्रभु, भगवान महावीर और सरजायती मंदिर में नेमिनाथ भगवान की मूल वेदियों पर सामूहिक पूजा की गई। अभिषेक करने में जिनेश्वर दास जैन, नमन जैन, राजीव जैन, पारस नाथ जैन, अजय जैन, ज्ञान चंद जैन, अलका जैन, रैना जैन, समला जैन, संध्या जैन, स्नेह लता जैन, सुशीला जैन, दीपक जैन आदि मौजूद रहे।