संवाद न्यूज एजेंसी
मंडावली/नजीबाबाद। एसपी नीरज कुमार जादौन ने मंगलवार को मोटा महादेव मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस को कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने पुलिस को तिराहों-चौराहों पर मुस्तैद रहने को कहा। सीओ अनिल कुमार सिंह, मंडावली थानाध्यक्ष सुदेश पाल सहित पुलिस टीम के साथ मंदिर परिसर में पैदल गश्त की और कांवड़ियों का हालचाल जाना। कांवड़ मार्गाें पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
उधर, हरिद्वार से गंगाजल और कांवड़ लाने का सिलसिला जारी है। मोटा महादेव मंदिर पहुंचने पर कांवड़ियों ने घंटों लाइन मेें लगने के बाद भगवान शिव का जलाभिषेक किया। नजीबाबाद-बुंदकी मार्ग और नांगल-चंदक मार्ग पर बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ लेकर अपने गंतव्य को रवाना हुए।
डायवर्ट किए गए रूट पर लगा जाम
मंडावली। कांवड़ यात्रा के लिए मंझाड़ी-लाहककला-जलालाबाद मार्ग पर यातायात डायवर्ट कर दिया गया है। जलभराव और मार्ग संकरा होने के कारण राहगीरों को दूसरे दिन भी मार्ग पर जाम की परेशानी झेलनी पड़ी। बदहाल मार्ग पर दो फीट पानी होने से कई छोटे वाहन मार्ग पर फंस गए। इससे मार्ग पर घंटों तक जाम लगा रहा।