नगीना। स्थानीय सपा विधायक मनोज पारस ने लखनऊ में विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं यूपीपीसीएल अध्यक्ष आशीष कुमार गोयल को स्मार्ट प्रीपेड मीटर के विरोध में शिकायती पत्र दिया। पत्र में कहा गया कि जब से घरों में स्मार्ट मीटर लगे हैं, तब से उपभोक्ताओं के मासिक बिजली खपत लगभग 85 प्रतिशत तक बढ़ गई है। महंगाई के दौर में गरीब लोगों को और किसानों पर यह अतिरिक्त भार हो गया है। अग्रिम भुगतान करने के तीन दिन तक भी घरों में लाइट नहीं आ रही, साथ ही मीटर में गड़बड़ी और उसका समाधान न होना आम बात हो गई है। पत्र के माध्यम से मांग कि गई की इन प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पोस्टपेड में परिवर्तित किया जाए, जिससे आम जनता को राहत मिल सके और जिन उपभोक्ताओं के यहां पर स्मार्ट प्रीपेड मीटर लग गए हैं, उनके यहां पोस्टपेड मीटर लगवाए जाएं। पत्र पर नजीबाबाद के विधायक तसलीम अहमद, विधायक रफीक अंसारी, विधायक हाजी नासिर कुरैशी आदि के हस्ताक्षर हैं।