प्रॉपर्टी डीलर के पुत्र को गोली मारी
बिजनौर। नगर के मोहल्ला कस्साबान निवासी प्रॉपर्टी डीलर शेर सिंह का 35 वर्षीय पुत्र प्रवेश कुमार एआरटीओ कार्यालय के बाहर ऑनलाइन लाइसेंस आदि बनाने का काम करता है। शनिवार सुबह उसने अपने बस्ते पर रिश्तेदार को छोड़ दिया और भाई का फोन आने पर उसे लेने के लिए बाईपास रोड पर गैस गोदाम के पास पहुंच गया। वहां खेत में छिपे दो युवक निकल आए और उन्होंने प्रवेश को पकड़ लिया। दोनों युवकों ने पहले पूरे परिवार को खत्म करने धमकी दी। बाद में उसे गोली मारकर घायल कर दिया। गोली प्रवेश के दाएं हाथ में लगी है। घायल प्रवेश को जिला अस्पताल लाया गया। वहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। प्रवेश ने दो व्यक्तियों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। शहर कोतवाल रमेशचंद्र शर्मा के मुताबिक घटना की जांच की जा रही है।