सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी के एग्जीक्यूटिव की हार्टअटैक से मौत
नजीबाबाद (बिजनौर)। सोफीपुर मोदीपुरम की सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी में कार्यरत नजीबाबाद निवासी एग्जीक्यूटिव फरीद अहमद की मृत्यु हो गई। वह पल्लवपुरम स्थित आवास में मृत पाए गए। पुलिस ने मकान का कुंडा तोड़कर उनके शव को बाहर निकाला। परिजनों ने हार्टअटैक से मौत की पुष्टि की है।
राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व जिला महामंत्री शरीफ अहमद के पुत्र सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी के एग्जीक्यूटिव 42 वर्षीय फरीद की मोदीपुरम के पल्लवपुरम फेस टू आवास पर मौत हो गई। फरीद अहमद मोदीपुरम की सोफीपुर स्थित एक सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी में एग्जीक्यूटिव थे। बताया जाता है कि बुधवार सुबह उनकी पत्नी के फोन करने पर जब फोन अटेंड नहीं हुआ। पास ही में रहने वाले उनके मित्र परिजनों की सूचना पर आवास पहुंचे। उन्होंने वहां जाकर देखा तो अंदर से कमरा बंद था और फरीद अहमद का शव बेड पर पड़ा हुआ था। पुलिस की मदद से कुंडा तोड़कर शव निकाला गया। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हार्ट अटैक से मौत होने की पुष्टि की है।
फरीद अहमद के भाई वसीम अहमद, डॉ. सुहेल सहित परिजन मोदीपुरम पहुंचे। पंचनामा के बाद देर शाम शव नजीबाबाद लाया गया। रालोद नेता शरीफ अहमद के पुत्र के निधन की सूचना पर विधायक हाजी तसलीम अहमद, पूर्व सांसद मुंशी रामपाल सिंह, सरदार बलवीर सिंह, हरेंद्र तोमर, बृजवीर सिंह, आसिफ अली मुत्तकी सहित समाजसेवियों और नागरिकों ने संवेदना व्यक्त की है।