संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। सपा की ओर से निकाली जा रही सामाजिक न्याय यात्रा का बिजनौर बैराज पर पहुंचने पर स्वागत किया गया। पार्टी कार्यालय पर पहुंचकर इस यात्रा का समापन हुआ। सपा संस्थापक और पूर्व सीएम स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के 85 वें जन्म दिवस पर आयोजित सभा में श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बुधवार को नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामावतार सैनी के नेतृत्व में निकाली गई सामाजिक न्याय यात्रा पश्चिमी उत्तर प्रदेश से होकर बिजनौर पहुंची। इस यात्रा का सपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बैराज पहुंचकर स्वागत किया। बता दें कि इस यात्रा को 16 नवंबर को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। पार्टी कार्यालय पर यात्रा के समापन के साथ ही पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव की 85वीं जयंती पर आयोजित सभा में उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया। साथ ही 25 नवंबर को नूरपुर में होने वाली पूर्व सीएम अखिलेश यादव की जनसभा को सफल बनाने की अपील की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय सचिव शेख सुलेमान और संचालन जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव तथा अखलाक पप्पू ने किया। कार्यक्रम में विधायक मनोज पारस, विधायक तसलीम अहमद, विधायक स्वामी ओमवेश, नईमुल हसन, डॉ. रमेश तोमर, यशवीर सिंह, कपिल गुर्जर, लाखन पाल, जावेद अख्तर, प्रभा चौधरी, राधा सैनी आदि मौजूद रहे।