एक दिन में तीन महिलाओं सहित छह की मौत
चांदपुर/बरूकी। कोरोना के साथ-साथ दूसरी बीमारी भी लोगों को सताने लगी है। चांदपुर में तीन व्यक्ति और बरूकी के गांव शादीपुर में एक ही मोहल्ले की तीन महिलाओं की मौत हो गई। हालांकि मौत किस बीमारी से हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा। मोहल्ला कायस्थान निवासी प्रभु दयाल भाटिया कुछ समय से बीमार चल रहे थे। शनिवार को उनका निधन हो गया। वहीं मोहल्ला चिम्मन श्रीराम कालोनी निवासी कारोबारी इंदर भाटिया, शिवलोक कालोनी निवासी प्रदीप गुप्ता की भी अचानक मौत हो गई। वहीं, बरूकी के गांव शादीपुर में मोहल्ला वाल्मीकि बस्ती निवासी मुन्नी (65) की शुक्रवार रात मौत हो गई। इसी मोहल्ले की केलो देवी (63), गुड्डी देवी (45) की शनिवार को तबीयत बिगड़ गई। कुछ देर बाद ही दोनों ने दम तोड़ दिया। महिलाओं की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।