बिजनौर के कस्बा झालू के बाजार में जांच करने पहुंची जीएसटी की टीम।
- फोटो : BIJNOR
जीएसटी की टीम को देख दुकानों के गिरे शटर
स्योहारा/झालू। जीएसटी विभाग की टीम स्योहारा पहुंची। टीम के पहुंचते ही दुकानदारों ने अपनी दुकानों को बंद कर दिया। देखते ही देखते बाजार पूर्णता बंद हो गया। छोटे से बड़े व्यापारी भयभीत नजर आए। व्यापारियों में छापामारी को लेकर नाराजगी साफ दिखाई दी।
जीएसटी टीम करीब एक घंटे तक फव्वारा चौक पर रही। वहीं दूसरी तरफ दुकानदारों ने दुकानें बंद रखी। दूसरी टीम नगर के बड़ा बाजार में पहुंची और रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कहा। व्यापार मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष अरुण वर्मा सहित अन्य व्यापारियों का कहना है कि इस तरह से छापामारी से व्यापारियों को भयभीत किया जा रहा है, यदि सरकार के निर्देश है तो पहले लोगों को प्रेरित करने के लिए कोई कार्यक्रम आयोजित करना चाहिए। डिप्टी कमिश्नर शैलेंद्र वाष्णे ने बताया कि लोगों को प्रेरित करने के लिए आज टीम स्योहारा पहुंची है।
वहीं झालू में नगर में जीएसटी अधिकारियों की टीम पुलिस बल के साथ पहुंचने पर व्यापारियों में खलबली मच गई। बाजार में दुकानों के शटर धड़ल्ले से गिरने शुरू हो गए। बुधवार को कस्बा झालू में जीएसटी के अधिकारियों ने कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की कार्रवाई की। कार्रवाई की सूचना पर झालू के बाजार में अफरा-तफरी मच गई और बाजार में शटर धड़ल्ले से गिरने शुरू हो गए। बिजनौर-नहटौर मार्ग पर जीएसटी टीम चार दुकानों पर पूछताछ करने के बाद मैन मार्केट पहुंची तो अधिकांश दुकानों के शटर गिरे देख टीम लौट गई।
बिजनौर के कस्बा झालू में जीएसटी की टीम पहुंचने पर बंद किया बाजार।- फोटो : BIJNOR
स्योहारा में जीएसटी की टीम पहुंचने पर एकत्र व्यापारी।- फोटो : BIJNOR