खाटू वाले शीश के दानी की शूटिंग पूरी
बिजनौर। रे फिल्म्स प्रोडक्शन के टीवी सीरियल खाटू वाले शीश के दानी की तीन दिन की शूटिंग का समापन बिजनौर में किया गया। निर्माता निर्देशक आलोक गोविल के अनुसार खाटू श्याम बाबा के चमत्कारों पर आधारित टीवी सीरियल बिग मैजिक टीवी चैनल के लिए ये फिल्म्स प्रोडक्शन द्वारा निर्मित किया जा रहा है। सीरियल में राजस्थान की एक तवायफ की कहानी है, जो श्याम बाबा की भक्त हैं और इस नारकीय जीवन से छुटकारा पाना चाहती है। श्याम बाबा की भक्ति का उसे फल मिलता है और वह इस जिंदगी से छुटकारा पा लेती है और उसका भरा-पूरा परिवार बन जाता है। इस सीरियल की शूटिंग मुंबई में करनी थी, लेकिन अब इस सीरियल की शूटिंग बिजनौर, रामपुर, बरेली आदि में की जाएगी। बिजनौर में चांदपुर चुंगी के निकट एक बैंकट हॉल में तवायफ बाजार का सैट बनाया गया। इसके बाद सीरियल की शूटिंग घेर रामबाग में अशोक चौधरी के निवास स्थान पर की गई। शूटिंग का शुभारंभ वरिष्ठ पत्रकार डा. सूर्यमणि रघुवंशी ने नारियल फोड़कर और मुहूर्त क्लैप देकर किया।