- सेंट मैरी चौराहे के पास प्रॉपर्टी डीलर सुशील की गोली मारकर कर दी गई थी हत्या
- हत्या की साजिश रचने में शामिल पांच प्रॉपर्टी डीलर समेत अब तक नौ आरोपियों को भेजा जा चुका है जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। प्रॉपर्टी डीलर सुशील हत्याकांड में शामिल रहे शूटर को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। हरियाणा के पलवल के रहने वाले शूटर को मुठभेड़ में गोली लगी है। जिसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हत्याकांड की साजिश रचने में अब तक छह प्रॉपर्टी डीलर, दो बिचौलिया और एक शूटर को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
शनिवार की देर शाम शहर कोतवाली क्षेत्र के दारानगरगंज इलाके में नहर पर पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शूटर कमल उर्फ केशव पुत्र गोविंद निवासी भीमराव कॉलोनी पलवल हरियाणा के घुटने में गोली लगी। जानकारी मिलते ही एसपी सिटी संजीव वाजपेई और सीओ संग्राम सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर घायल शूटर कमल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि शहर के मुन्नूपुरम कालोनी निवासी सुशील कुमार की सेंट मैरीज स्कूल के पास 29 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल शहर के मोहल्ला खत्रियान निवासी प्रापर्टी डीलर हसीन, मोहल्ला मिर्दगान निवासी पूर्व सभासद वसीम, गांव फरीदपुर उद्दा निवासी अतुल चौधरी, अरनव चौधरी, मोहल्ला बुखारा निवासी नईमुद्दीन, न्यू सिटी कालोनी निवासी अरनव तोमर को गिरफ्तार किया था। इनके बाद फैजान निवासी लक्खीवाला थान लिसाड़ी गेट और सालिक पुत्र तारिक निवासी बनियावाड़ा कोतवाली जिला मेरठ को गिरफ्तार कर लिया था। फैजान ने अपने मामा हसीन के कहने पर ढाई लाख रुपये लेकर सालिक से बात की थी। सालिक ने ही फैजान को दोनों शूटर हायर कराए थे। इसके बाद शूटर अजीज निवासी मेरठ और कमल ने गोली मारकर सुशील की हत्या कर दी थी।
सुशील की हत्या के बाद शहर के दो प्रापर्टी डीलर अतीक और कादिर की हत्या करने की भी योजना तैयार कर ली गई थी, लेकिन सुशील हत्याकांड का खुलासा होने के चलते उक्त दोनों हत्याओं को अंजाम नहीं दिया जा सका।
अब पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए शूटर कमल ने बताया कि उसने ₹300000 में सुशील हत्याकांड का सौदा तय किया था।