‘शिवभक्तों को सुरक्षित वातावरण के प्रति गंभीर रहें’
मंडावली/नजीबाबाद। अपर पुलिस महानिदेशक राजकुमार ने कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस को सतर्क रहने को कहा। उन्होंने मोटा महादेव मंदिर पर पहुंचकर कांवड़ियों को माला पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें सुरक्षित वातावरण देने के प्रति आश्वस्त किया।
अपर पुलिस महानिदेशक राजकुमार ने एसपी दिनेश सिंह, एसपी सिटी डॉ.प्रवीण रंजन सिंह, एसडीएम विजय वर्धन तोमर, सीओ गजेंद्र पाल सिंह की उपस्थिति में स्वयंभू सिद्धपीठ मोटा महादेव मंदिर का निरीक्षण किया। जलाभिषेक करने पहुंचे शिवभक्तों का एडीजी ने माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने शिव भक्तों को आवागमन के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर क्षेत्र के पुलिस सहायता केंद्रों से संपर्क करने की सलाह दी।
एडीजी राजकुमार ने जनपद के सभी थानों की पुलिस को कांवड़ियों को सुरक्षित वातावरण देने के लिए तत्पर रहने, मोबाइल वैन सक्रिय रखने की सलाह दी। मोटा महादेव मंदिर तथा आसपास के क्षेत्रों में शिवभक्तों के सुरक्षित आवागमन के लिए की गई व्यवस्थाओं की एसपी दिनेश सिंह ने एडीजी को जानकारी दी। मोटा महादेव मंदिर पहुंचने पर कपिल सराफ, राजन टंडन गोल्डी, तरुण राजपूत, आकाश कान्हा कर्णवाल, डॉ.राजीव अरोड़ा सहित अनेक लोगों ने एडीजी का स्वागत किया।
शिवभक्तों को दी चिकित्सा सुविधा
भागूवाला। डीएमआर डिग्री कॉलेज के एमडी आरके सागर के नेतृत्व में डिग्री कॉलेज की ओर से कांवड़ियों के लिए काली माता मंदिर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। डॉ.जगत सिंह के नेतृत्व में चिकित्सक दल ने बड़ी संख्या में शिवभक्तों को निशुल्क औषधियां उपलब्ध कराईं।
नजीबाबाद के मोटा महादेव मंदिर पर शिवभक्तों से वार्ता करते एडीजी।- फोटो : NAZIBABAD