- संगठन की ओर से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया
- सांसद ने फोन पर आश्वासन दिया कि उनकी समस्या को सदन में उठाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। समायोजित करने, सम्मानजनक वेतन देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षामित्रों ने रविवार को नगर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्य चौराहों से होते हुए विदुरकुटी मार्ग स्थित बसपा सांसद मलूक नागर के आवास पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। सांसद के शहर से बाहर होने के कारण उनके प्रतिनिधि कामेंद्र सिंह को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। सांसद ने शिक्षामित्रों से फोन पर वार्ता की और आश्वासन दिया कि उनकी समस्या को सदन में उठाएंगे।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के बैनर तले अनेक शिक्षामित्र रविवार सुबह 11 बजे बीएसए कार्यालय पर एकत्र हुए। पउप्र प्रभारी सुचित मलिक और जिलाध्यक्ष अजयपाल सिंह ने नियमावली में संशोधन कर शिक्षामित्रों की योग्यता पूर्ण कराकर पुन: समायोजित करने, नई शिक्षा नीति में शिक्षामित्र को सम्मिलित करने, टीईटी पास शिक्षामित्र को सहायक अध्यापक पद पर नियमित करने, समायोजन प्रक्रिया पूर्ण होने तक 12 माह और 62 वर्ष की सेवा सुरक्षित करते हुए सम्मानजनक वेतनमान दिया जाने की मांग की।
यहां से शिक्षामित्रों ने पैदल और बाइक से तिरंगा यात्रा निकाली। मुख्य चौराहों से नुमाइश ग्राउंड, शास्त्री चौक होते हुए बसपा सांसद मलूक नागर के आवास पर पहुंचे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अजय पाल सिंह, जिला महामंत्री अनुज राणा, जिला संगठन मंत्री अमित चौधरी, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष राधा चौधरी, मंत्री पूनम कुमारी, संजू राणा, अरविंद अहलावत, विनित कुमार, आलोक शर्मा, ऋषिपाल सिंह राठौड़, देवेंद्र सिंह, पंकज राजपूत, धर्मेंद्र सिंह अहलावत, संजीव यादव, बुंदू खान, अमित यादव, बृजपाल सिंह, अरशद, जागेश आदि शामिल रहे।