हल्दौर। बिजनौर-बदायूं स्टेट हाईवे पर गहलौत डिग्री कॉलेज के निकट एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में बिजनौर के मोहल्ला चाहशीरी निवासी सात वर्षीय वंश की मौत हो गई, जबकि उसके पिता विनोद कुमार (28) समेत दो लोग घायल हो गए। विनोद कुमार अपना ई-रिक्शा चलाते हैं। वह अपने पुत्र वंश के साथ ई-रिक्शा लेकर नूरपुर गए थे। उनके साथ मोहल्ले का ही तसलीम (45) भी साथ था। तीनों ई-रिक्शा से अपने घर लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक बिजनौर-मुरादाबाद हाईवे पर स्थित गहलौत डिग्री कॉलेज के पास देर शाम करीब नौ बजे अचानक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे तीनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। वंश की हालत गंभीर होने पर उसे निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के संबंध में पुलिस को लिखित सूचना नहीं दी गई है।