- वन विभाग ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया
- मामले की जांच नजीबाबाद एसडीओ को सौंपी गई
-राजकीय सम्मान के साथ रेंज कार्यालय परिसर में दफनाया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
शेरकोट (बिजनौर)। शेरकोट क्षेत्र के भिक्कावाला क्षेत्र में शनिवार को सात मोर मृत पाए गए। वन विभाग ने जहर देकर मारने की आशंका जताई गई है। अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर इस मामले की जांच नजीबाबाद एसडीओ को सौंपी गई है। उधर, शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद राजकीय सम्मान के साथ रेंज कार्यालय परिसर में दफनाया।
शनिवार को शेरकोट थाना क्षेत्र के गांव भिक्कावाला के निकट नहर की पुलिया के पास एक खेत से सात मोरों के शव मिले। मृत मोरों में एक मादा है। वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और सभी मृत मोरों के शवों को तिरंगे में लपेटकर रेंज कार्यालय धामपुर लाए।
पशुपालन विभाग अफजलगढ़ के डॉक्टर एमपी सिंह की टीम ने शवों का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम करने के बाद राजकीय सम्मान के साथ शवों को दफन कर दिया गया। डॉक्टर ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा।
सभी मोरों की आयु पांच से छह माह
रेंजर गोविंद राम गंगवार ने बताया कि मृत मिले मोरों की आयु पांच से छह माह के आसपास की होगी। एक सप्ताह पहले भी शेरकोट से हरेवली जाने वाले मार्ग पर गांव भिक्का वाला के निकट जंगल में एक मादा मादा मोर का शव बरामद हुआ था। अभी तक उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आ सकी है।
मोरों की मौत को गंभीरता से लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चलेगा कि मौत का कारण क्या है। प्रथम दृष्टया जहर देकर मौत होना लग रहा है। नजीबाबाद एसडीओ को इस प्रकरण की जांच सौंपी गई है। वहीं अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। - ज्ञान सिंह, डीएफओ