रेहड़ (बिजनौर)। फतेहपुर धारा निवासी एक युवक ने दो लोगो पर अपने भाई और जीजा को गलत तरीके से विदेश भेजने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव फतेहपुरधारा निवासी जयशिव पुत्र रमेशचंद ने बताया की सतविंद्र उर्फ गग्गी तथा कुंवरपाल सिंह निवाड़ी लालपुर बहेड़ी थाना भगतपुर जिला मुरादाबाद ने काशीपुर प्रिया मॉल में विदेश भेजने के लिए आफिस खोला हुआ है। उन्होंने विदेश में नौकरी का प्रलोभन दिया। एजेंटों ने साढ़े छह लाख की रकम लेकर पीड़ित के भाई प्रदीप तथा जीजा अनमोल को विदेश भेज दिया, जहां प्रदीप को वर्किंग वीजा के बदले टूरिस्ट वीजा पर जॉर्डन भेज दिया। कोई काम नहीं मिलने पर दो लाख रुपये देने के बाद प्रदीप किसी तरह भारत वापस आया, जबकि अनमोल को बिना वीजा के गलत तरीके से मलेशिया भिजवा दिया। जहां उसके पासपोर्ट आदि छीन लिए गए। आज भी अनमोल वहां फंसा हुआ है और परेशान है। एजेंट कहने के बाद भी न तो रकम लौटा रहे है। न ही कोई संतोषजनक जवाब दे रहे है। पीड़ित ने एसपी को पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई थी। थाना प्रभारी अन्नु कुमारी ने बताया की पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।