ब्लॉक की चार ग्राम सभाओं का ओडीएफ प्लस में चयन
धामपुर। प्रदेश की 48 ओडीएफ प्लस ग्राम सभाओं में से अल्हैपुर धामपुर विकास क्षेत्र की चार ग्राम सभाओं को भी चयनित किया गया है। इन ग्राम सभाओं में शिक्षा, चिकित्सा, खेल के क्षेत्र में एवं स्वच्छ भारत मिशन के तहत विकास कार्य होंगे। सामान्य बजट के अतिरिक्त 30 से 60 लाख रुपये तक की धनराशि का आवंटन किया जाएगा।
धामपुर विकास क्षेत्र में कुल 97 ग्राम सभाएं शामिल हैं। इनमें सरकार की ओर से पांच हजार से ज्यादा आबादी वाली चार पंचायतों को ओडीएफ प्लस में चयनित किया गया है। इन पंचायतों में नींदडू, हाफिजाबाद शर्की, सरकड़ा चकराजमल और तीबड़ी शामिल हैं। ग्राम विकास अधिकारी हिमांशु राजपूत ने बताया कि इन पंचायतों में विकास कार्य कराने के लिए सामान्य बजट के अतिरिक्त विशेष धन का आवंटन किया गया है। नींदडू पंचायत में सामान्य बजट से अतिरिक्त करीब 60 लाख रुपये, तीबड़ी पंचायत को 28 लाख , हाफिजाबाद शर्की को 32 लाख और सरकड़ा चकराजमल ग्राम सभा को 28 लाख रुपये का आवंटित हुए हैं।
खेल मैदान के साथ बनेगा ओपन जिम
आवंटित किए गए अतिरिक्त धन से इन ग्राम पंचायतों को मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। स्कूल, शिक्षा, हेल्थ सेंटर, सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन, सड़कें, खेल के मैदान, ओपन जिम आदि बनाए जाएंगे। राजस्व विभाग की ओर से जमीन की व्यवस्था करने का प्रस्ताव भेजा गया है। अधिकांश पंचायतों में जमीन की व्यवस्था हो गई है। भारत स्वच्छता मिशन के तहत गांवों को साफ सुथरा रखा जाएगा। आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए व्यक्तिगत, सामुदायिक खाद के गड्ढों का निर्माण होगा। खाद बनाने के लिए किसानों को केंचुआ फ्री में उपलब्ध कराए जाएंगे। गीले और सूखे कूड़े को एकत्र करने के लिए तीन-तीन ई-रिक्शा खरीदे जाएंगे। आठ लाख रुपये की लागत से कूड़ा प्रबंधन सेंटर बनेगा।