दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आई, मस्जिद में क्वारंटीन किया जाएगा जमाती
नगीना। कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती नगीना थाना क्षेत्र के गांव मझेड़ा निवासी मरीज की सोमवार को दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। थाना क्षेत्र के गांव मझेड़ा चौकी प्रभारी अजेंद्र सिंह ने बताया कि गाजियाबाद जमात से लौटे चार जमातियों को गांव मझेड़ा से ग्राम प्रधान की ओर से एक अप्रैल को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सीएचसी नगीना लाया गया था। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद चारों को पहले एल आर एस महिला महाविद्यालय और बाद में अफजलगढ़ के सीएचसी में भर्ती कराया गया था। इनमें से एक व्यक्ति की 13 अप्रैल को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसे उपचार के लिए मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को इस मरीज की रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उसे गांव लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उसे गांव के बाहर स्थित एक मस्जिद में शिफ्ट कराया जाएगा। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी ने इसकी पुष्टि की है।