नहटौर के गांव पपसरा में तीन कोरोना संक्रमित मिलने पर गांव को सील करती पुलिस।
- फोटो : BIJNOR
गांव पपसरा को सील किया
नहटौर। गांव पपसरा में तीन युवक मुंबई से लौटे थे, उनकी जांच नहटौर के स्वास्थ्य केंद्र पर की गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रात में ही गांव पहुंचकर तीनों युवकों को एंबुलेंस से मुरादाबाद भेजा। गांव के तीन युवक कोरोना संक्रमित मिलने पर पूरी रात गांव में हड़कंप मचा रहा। तीनों के परिवार के 22 सदस्यों को भी क्वारंटीन किया गया है। प्रशासन ने गांव पहुंचकर सैनिटाइजर का छिड़काव कराया और गांव की सीमाओं को सील कर दिया। बताया जा रहा है कि 18 मई को तीनों अपने तीन अन्य साथियों के साथ मुंबई से लौटे थे। उनमें एक चांदपुर व एक नूरपुर का बताया जा रहा है। एसडीएम धीरेंद्र सिंह ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि गांव में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई सीमाओं तक होगी। गांव के अंदर ग्रामीण दुकानदार सप्लाई करेंगे। चिकित्सा अधिकारी गुरु चरन सिंह का कहना है कि मुंबई से यह छह लोग एक साथ आए थे। उनमें से तीन संक्रमित मिले हैं, उनके संपर्क में आने वाले सभी लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे जाएंगे।