- राजस्व विभाग की टीम को फंसाने के लिए आरोपी ने फाड़े पत्नी के कपड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने बुधवार को कादराबाद के गांव नवाबपुरा के 32 लाख रुपये के बैंक के बकायादार को बकाया जमा न करने पर 14 दिन के लिए जेल भेज दिया। आरोपी ने कार्रवाई से बचने और टीम में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों को झूठे मामले में फंसाने के लिए अपनी पत्नी के कपड़े फाड़ डाले।
नायब तहसीलदार परमानंद श्रीवास्तव ने बताया कि कादराबाद के गांव नवाबपुरा निवासी विजेंद्र ने एचडीएफसी बैंक से अपने, अपने पुत्र रजत मलिक और पिता माहीचंद के नाम से तीन साल पहले 18 लाख रुपये का ऋण लिया था। आज तक आरोपियों ने बकाया जमा नहीं किया। बैंक की ओर से तीनों की आरसी काट दी गई। वर्तमान में तीनों पर करीब 32 लाख रुपये बकाया हैं। बुधवार को नायब तहसीलदार डाॅ. अजय कुमार टीम के साथ नवाबपुरा गांव में विजेंद्र सिंह के डेरे पर पहुंचे। सरकारी गाड़ी को देख विजेंद्र का पुत्र रजत तो वहां से भाग गया।
टीम ने आरोपी विजेंद्र को गिरफ्तार कर गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया तो उसने अपनी पत्नी को पास बुलाकर उसके कपड़ों को फाड़ने का प्रयास किया। जिससे टीम में शामिल अधिकारी और कर्मचारी को महिला के साथ अभद्रता करने के मामले में फंसाया जा सके। टीम ने को गिरफ्तार किया धामपुर ले आई और एसडीएम के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे 14 दिन के लिए जेल भेज दिया गया।