बच्चों की गैरहाजिरी पर नाराज दिखे एसडीएम
धामपुर। एसडीएम गांव जैतरा के प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों का निरीक्षण किया। कंपोजिट स्कूल में पंजीकृत 241 बच्चों में से 145 बच्चे गैर हाजिर मिले, जबकि प्राथमिक स्कूल में पंजीकृत 81 बच्चों में 26 गैरहाजिर पाए गए।
एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने गांव जैतरा के कंपोजिट स्कूल के निरीक्षण में पाया कि इस स्कूल में कक्षा एक से लेकर कक्षा आठ तक के करीब 241 बच्चे पंजीकृत हैं। केवल 96 बच्चे मौजूद मिले, जबकि 145 बच्चे गैर हाजिर पाए गए। बड़ी संख्या में बच्चों के गैरहाजिर पाने पर उन्होंने असंतोष जताया। इस स्कूल में कार्यरत 14 शिक्षिकाओं में से 13 उपस्थित मिली। प्रधानाध्यापक नीरजा सिंह ने बताया कि एक शिक्षिका गार्गी अवकाश पर हैं। जिसका अवकाश मानव संपदा रिफरेंस रजिस्ट्रर में दर्ज है। इससे पहले एसडीएम ने इसी गांव के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस स्कूल में छह शिक्षक कार्यरत है। सभी उपस्थित पाए गए। पंजीकृत 81 बच्चों में से 45 बच्चे उपस्थित मिले। 26 गैर हाजिर पाए गए। इस मौके पर एसडीएम ने उपस्थित मिले सभी 45 बच्चों को अपनी तरफ से कापियां और पेनों का वितरण किया।