बिजनौर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। यदि कोई विद्यार्थी अपने प्राप्तांको से संतुष्ट नहीं हैं तो उसे घबराने की कोई जरूरत नहीं है। ऐसा छात्र अपने संबंधित विषय की उत्तर पुस्तिका की स्क्रूटनी करा सकता है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया का एलान हो गया है।
जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की वर्ष 2023 की परीक्षा में 97 हजार शामिल हुए हैं। परीक्षाफल घोषित होने के बाद कुछ ऐसे विद्यार्थी होते हैं जो अपने प्राप्तांको से संतुष्ट नहीं होते हैं। बोर्ड ने ऐसे विद्यार्थियों के लिए सन्निरीक्षा अर्थात स्क्रूटनी कार्यक्रम घोषित कर दिया है। स्क्रूटनी के लिए प्रति विषय 500 रुपये शुल्क निर्धारित है।
विद्यार्थी को उत्तर पुस्तिका के स्क्रूटनी के लिए आनलाइन आवेदन करना है। आवेदन की प्रति विषय शुल्क निर्धारित है। विद्यार्थियों को मूल चालान पत्र, परीक्षा की मार्कशीट आदि उपलब्ध कराना है। डीआईओएस रामाज्ञा कुमार के अनुसार आवेदन की अंतिम तिथि 19 मई है। इसके बाद आवेदन स्वीकार नहीं होगा। छात्र डीआईओएस कार्यालय से विस्तृत जानकारी प्राप्त करें।
ये होता है स्क्रूटनी में
स्क्रूटनी की निश्चित प्रक्रिया है। विद्यार्थी जिस विषय की उत्तर पुस्तिका की स्क्रूटनी के लिए आवेदन करता है उस विषय की उत्तर पुस्तिका निकाली जाती है। स्क्रूटनी के लिए विषय विशेषज्ञ नियुक्त होते हैं। उत्तर पुस्तिका का निरीक्षण होता है। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार उत्तर पुस्तिका में देखा जाता है कि उत्तर पुस्तिका में कोई सवाल बिना जांचा तो नहीं रह गया है। उत्तर पुस्तिका में दिए नंबरों का योग तो गलत नहीं है। परीक्षक ने सवालों के सही उत्तरों पर निर्धारित अंक दिए हैं या नहीं।