बिजनौर। जिले में जूनियर हाईस्कूल बिसाठ, गजरौला अचपल समेत 12 परिषदीय स्कूलों के पास अपना भवन नहीं है। इनके भवन जर्जर होने से ध्वस्त कर दिए गए थे। पुन: नए भवन निर्माण को डीपीआर बनाकर शासन को भेजी गई थी। ये स्कूल आंगाबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, कृषि भवन के कमरों आदि में संचालित हो रहे हैं। जिले में छह स्कूलों के भवन निर्माण का बजट आया और उनका निर्माण चल रहा है। बाकी को बजट का इंतजार है। वैसे जिले में 111 स्कूल भवन और स्कूलों के कमरे आदि जर्जर थे।
-आंगनाबड़ी केंद्र बिसाठ में चल रहा जूनियर हाईस्कूल
हल्दौर ब्लाक के जूनियर हाईस्कूल बिसाठ लगभग 15 जुलाई 2023 की बिल्डिंग जर्जर घोषित हो गया। विद्यालय प्रभारी नीलम चौधरी, सहायक अध्यापिका रुचिता सिंह एवं रेशमा छात्रों को आंगनबाड़ी केंद्र के एक कमरे में तीन कक्षाएं संचालित 35 छात्रों को पढ़ा रही है। जबकि पहले 51 छात्र पंजीकरण थे।
न पेयजल की व्यवस्था, न शौचालय पर्याप्त
स्कूल का भवन नहीं होने न सिर्फ छात्रों को पढ़ने में परेशानी हो रही है। बल्कि छात्रों को पेयजल की समस्या है। पेयजल के लिए आंगनबाड़ी केंद्र में उचित व्यवस्था नहीं है और न ही शौचालय की है। पेयजल के लिए छात्रों को दाएं बाएं के नलों का सहारा लेना पड़ रहा है।
यहीं पढ़ना और खा रहे मिड-डे मील
शिक्षकों के अनुसार आंगनाबड़ी केंद्र में ही पढ़ना है और इसी कमरे में छात्रों को मिड-डे मील का खाना है। अन्य इनडोर खेल गतिविधियां कराई जा रही है।
कृषि विभाग के कमरों में चल रही पाठशाला
गजरौला शिव। समग्र कन्या जूनियर हाईस्कूल भवन जर्जर होने पर एक वर्ष पूर्व धवस्तीकरण कराया गया। एक वर्ष बीत जाने पर भी विद्यालय का भवन नहीं बनाया गया है। छात्र गजरौला अचपल राजकीय कृषि निवेश भंडार के भवन के कमरों में पढ़ रहे हैं। एक कमरे में तीन-तीन क्लास लगाई जा रही हैं। ऐसे में शिक्षक व छात्र दोनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
छह स्कूलोंं के निर्माण को मिला बजट
जिले में 111 स्कूलों के भवन, कमरे आदि जर्जर घोषित थे। जर्जर भवन व कमरों के नए निर्माण को बजट स्वीकृति को भेजा गया था। कुछ स्कूल ऐसे जिनमें भवन जर्जर है परंतु उस स्कूल परिसर में अतिरिक्त कक्ष हैं, वहां क्लास चल रही हैं। करीब 12 स्कूलों के पुराने भवन थे और वहां अतिरिक्त कक्षाएं नहीं है। इस कारण दूसरे भवनों वह संचालित है। सलीम बेग, जिला समन्वयक निर्माण
मुख्यालय को कराएंगे अवगत
इस संबंध में जिला समन्वयक निर्माण से जानकारी करेंगे। स्कूलों का निर्माण जल्द कराने के लिए उसका बजट अवमुक्त कराने संबंध मुख्यालय को अवगत कराया जाएगा। -योगेंद्र कुमार, बीएसए