गांव के ही दंपती के खिलाफ पुरानी रंजिश में हमला करने की रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर। गांव लतीफपुर चुखेड़ी निवासी स्कूल बस के चालक सुल्तान गोली लगने से घायल हो गया। घायल को बिजनौर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुल्तान के भाई ने गांव के ही दंपती के खिलाफ पुरानी रंजिश में गोली मारने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव लतीफपुर चुखेड़ी निवासी तरुण कुमार पुत्र मदन पाल सिंह ने बताया कि उसका भाई सुल्तान स्कूल बस पर चालक है। मंगलवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे उसका भाई सुल्तान बस में बच्चे बैठा रहा था। तभी गांव की ही वैशाली पत्नी मौसम आकर उसके भाई को गाली देने लगी।
शोर शराबा सुनकर वह और गांव का ही विरेंद्र आदि मौके पर आ गए। गाली देने को मना किया तो महिला ने ईंट उठाकर सुल्तान को मार दी। इसी समय महिला का पति मौसम अपने हाथ में तमंचा लेेकर आ गया और उसके भाई पर गोली चला दी। गोली बाएं हाथ में लगन से वह घायल हो गया।
घायल को 112 पुलिस गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने बिजनौर के लिए रेफर कर दिया है। तरुण ने बताया कि मौसम और वैशाली खेत की डोल को लेकर और एक मामले में उच्चाधिकारियों को शिकायत करने के शक में उसके भाई से रंजिश रखते हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है।