नूरपुर। चांदपुर तहसील में सेवारत एक संग्रह अमीन की शुक्रवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रथम दृष्टया जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि मृतक पंद्रह साल से बीमार चल रहा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर के खलियापार निवासी मेनपाल (55) पुत्र महावीर ने शुक्रवार की सुबह अचानक तबियत बिगड़ने पर परिजन उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची। तहसीलदार कमलेश कुशवाहा, संग्रह अमीन संघ के जिलाध्यक्ष महीपाल सिंह, महामंत्री शत्रुघ्न, अवनीश कुमार, योगेश शर्मा आदि अस्पताल पहुंचे।
मृतक के पुत्र हर्ष की ओर से पिता की मौत लंबी बीमारी के चलते होने का हवाला देते हुए बिना पोस्टमार्टम के शव उनकी सुपुर्दगी में देने के संबंध में थानाध्यक्ष को तहरीर दी गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।