बिजनौर के गांव समीपुर में स्थित सीएचसी।
- फोटो : BIJNOR
समीपुर सीएचसी होगी अपग्रेड, बढ़ेंगे चिकित्सक
बिजनौर। समीपुर सीएचसी उत्तराखंड के बॉर्डर के पास है। जिसके चलते बॉर्डर के आसपास के लोग इलाज कराने के लिए समीपुर सीएचसी पर आते हैं। इसी को देखते हुए अब इस सीएचसी को अपग्रेड किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीएचसी पर चिकित्सक और मशीनों की संख्या बढ़ाने के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा।
जिले में 11 सीएचसी और 11 पीएचसी हैं। जिनमें से समीपुर सीएचसी उत्तराखंड राज्य की सीमा के पास है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक शासन की ओर से दो राज्यों के बॉर्डर पर स्थित सीएचसी, पीएचसी की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। जिला अस्पताल की तर्ज पर दो राज्यों के बॉर्डर के पास स्थित स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड किया जा रहा है। बॉर्डर के पास रहने वाले लोगों को काफी दूर तक इलाज के लिए जाना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए समीपुर सीएचसी को अपग्रेड किया जा रहा है।
समीपुर सीएचसी को बने हुए 38 साल हो गए हैं। साल 1984 में इसका निर्माण हुआ था। हालांकि अभी भी बॉर्डर के दूसरी तरफ के लोगों को इलाज के लिए काफी दूर जाना पड़ता है। इसी समस्या को दूर करने के लिए 38 साल बाद समीपुर सीएचसी को अपग्रेड किया जा रहा है। सीएचसी पर तीन चिकित्सक तैनात हैं। इनमें कोई विशेषज्ञ नहीं है। जिसकी वजह से गंभीर स्थिति होने पर मरीज को जिला अस्पताल रेफर किया जाता है। फार्मासिस्ट और अन्य स्टॉफ की भी सीएचसी पर तैनाती है। सीएचसी पर इस समय केवल एक्स-रे मशीन ही उपलब्ध है।
शासन से करेंगे चिकित्सकों की मांग
समीपुर सीएचसी को अपग्रेड करने के लिए चिकित्सकों की तैनाती और मशीनों के लिए स्वास्थ्य विभाग पत्र भेजेगा। इसकी तैयारी की जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक फिजीशियन, सर्जन, एनेस्थेटिस्ट की तैनाती की मांग की जाएगी। इसके साथ ही अल्ट्रासाउंड की मशीन के लिए भी शासन को भेजे पत्र में लिखा जाएगा। सीएमओ विजय कुमार गोयल का कहना है कि शासन की ओर से दो राज्यों के बॉर्डर के पास की सीएचसी को अपग्रेड कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके चलते जिले में समीपुर सीएचसी को अपग्रेड किया जाएगा।