-अंदर जान से पहले ही फरियादियों को पकड़ा, समाधान का भरोसा दिया
-ये हाल बिजनौर सदर तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दिन रहा
-24 शिकायतें समाधान दिवस में आई
-04 शिकायतों का अधिकारियों ने मौके पर किया निस्तारण
अमन कुमार शर्मा
बिजनौर। शनिवार को मौका था समाधान दिवस का। किसानों की समस्याओं के समाधान को डीएम, एसपी से लेकर एसडीएम तक बिजनौर सदर तहसील में जुटे हुए थे। मगर कार्रवाई के डर से लेखपाल फरियादियों को बीच में ही रोककर समझाने-बुझाने में लगे रहे। समाधान के भरोसे पर कुछ फरियादी लौट गए। जबकि कुछ फरियादी लेखपाल की बातों में न आकर आलाधिकारियों के पास पहुंचे और अपनी समस्या सुनाई।
शनिवार को बिजनौर सदर तहसील में डीएम अंकित कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन हुआ। समाधान दिवस में 24 शिकायतें आईं। इनमें से चार शिकायतों का अधिकारियों ने मौके पर निस्तारण कर दिया। समाधान दिवस में एक तरफ तो डीएम अधिकारियों को तहसील दिवस, जन सुनवाई, जनता दर्शन एवं आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायातों का निस्तारण गुणवत्ता पूवर्क करने के निर्देश दे रहे थे। जबकि दूसरी तरफ तहसील परिसर में ही लेखपाल शिकायतकर्ता को रोककर समस्या पूछते नजर आए। कार्रवाई के डर से फरियादी से समस्या के समाधान का वादा भी किया। समस्या का समाधान नहीं होने पर कुछ फरियादी लेखपाल के झांसे में नहीं आए और सुनवाई कर रहे डीएम से मिले।अपनी समस्या बताकर समाधान की गुहार लगाई।
बिजनौर। सदर तहसील में समाधान दिवस डीएम अंकित कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में हुआ। उन्होंने अधिकारियों को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कार्यालय में बैठकर शिकायतों की सुनवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि विभागीय शिकायत पंजिका व्यवस्थित रखना है। जिले की रैकिंग खराब न हो, इसके लिए समय से शिकायतों का गुणवत्ता पूर्वक निस्तारण करें। इस मौके पर एसपी नीरज कुमार जादौन, सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल, एसडीएम सदर मनोज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
केस नंबर एक
थाना हीमपुर दीपा के गांव चौंकपुरी निवासी जसवीर सिंह ने बताया कि उनके पड़ोसी किसान ने नाले की जमीन जोतकर पेड़ लगा दिए हैं। उसे मारने की धमकी देता है। इसकी शिकायत उसने मौखिक रूप से लेखपाल से की। मगर समाधान नहीं हुआ। पता चला कि शनिवार को समाधान दिवस है। वह आया तो लेखपाल ने बाहर ही प्रार्थना पत्र लेकर रविवार को समाधान करने का आश्वासन देकर भेज दिया है।
-
केस नंबर दो
मंडावर क्षेत्र के गांव पदमपुर निवासी प्रीतम सिंह सहित एक अन्य व्यक्ति शनिवार को समाधान दिवस में पहुंचे। प्रीतम ने बताया कि गांव में कुछ दबंग लोगों ने ग्राम समाज, तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बना लिया है। लेखपाल से भी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। समाधान दिवस में लेखपाल कार्रवाई का वादा कर समझाने लगा। मगर उन्होंने डीएम से मिलकर शिकायत बताई।
-
केस नंबर तीन
हल्दौर के गांव शादीपुर कलां निवासी राकेश देवी ने बताया कि उनका हिस्सेदार उनकी खेती की जमीन पर कब्जा कर रहा है। इसकी शिकायत वह पहले भी तहसील में कर चुके हैं। मगर समाधान नहीं हुआ। वह समाधान दिवस में भी समस्या के समाधान के लिए पहुंची हैं।
-
समाधान दिवस में 41 शिकायतें दर्ज हुईं
चांदपुर। चांदपुर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में 41 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से दो का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। राजस्व विभाग की 28, पुलिस विभाग की नौ, विकास विभाग की दो, सिंचाई विभाग की एक और एक अन्य शिकायत दर्ज हुई। इस मौके पर एडीएम न्यायिक वान्या सिंह, एसडीएम विजय शंकर, सीओ भरत कुमार सोनकर, तहसीलदार प्रभा सिंह आदि मौजूद रहे।