- दिनभर पुलिस ने जजी परिसर में आने जाने वालों की चेकिंग की
- पुलिस की कस्टडी से फरार हो गया था कुख्यात आदित्य राणा
फोटो...
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। ढाई लाख के इनामी कुख्यात आदित्य राणा के कोर्ट में सरेंडर की दिनभर अफवाह उड़ती रही। हालांकि आदित्य ने सरेंडर तो नहीं किया, लेकिन पुलिस की कोर्ट के आस पास मजबूत घेराबंदी रही। पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। खासकर गाड़ियों पर पैनी नजर रखते हुए नजर चेकिंग की गई।
सोमवार को सुबह से ही सीओ सिटी अनिल कुमार की अगुवाई में पुलिस फोर्स ने जजी परिसर की घेराबंदी कर ली थी। अधिवक्ताओं की गाड़ियों की खिड़की खुलवाकर सघन तलाशी ली गई। वहीं कोर्ट मेें आने वाले वादकारियों और अन्य लोगों की भी चेकिंग हुई। दिनभर जजी परिसर में पुलिस की गतिविधियां बनी रही। उधर यह भी अफवाह उड़ती रही कि कुख्यात आदित्य राणा कोर्ट में सरेंडर कर सकता है।
बता दें कि पिछले साल 24 अगस्त को स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव राणा नंगला का रहने वाला बदमाशा आदित्य राणा शाहजहांपुर में पुलिस की कस्टडी से फरार हो गया था। आदित्य राणा को उस दिन बिजनौर कोर्ट में पेशी पर लाया गया था। पेशी से लौटते वक्त वह एक ढाबे पर पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला था। जिसके फरार होने के बाद ढाई लाख का इनाम भी रखा गया। आदित्य पर अलग अलग थानों में 41 मुकदमे दर्ज हैं। उसकी फरारी के बाद से उन लोगों को सुरक्षा मुहैया कराई, जिन्हें आदित्य से खतरा बना हुआ है। अभी तक आदित्य को पुलिस की कई टीमें तलाश कर रही हैं।
अब सोमवार को अफवाह उड़ी कि बिजनौर कोर्ट में आदित्य सरेंडर कर सकता है लेकिन शाम ढलने तक आदित्य कोर्ट नहीं पहुंचा। हालांकि पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। यूं तो पुलिस अफसर इस चेकिंग को कोर्ट की सुरक्षा के मद्देनजर चेकिंग किए जाने का दावा कर रहे हैं। फिर भी कहीं ना कहीं आदित्य के सरेंडर की सूचना से पुलिस के अलर्ट रहने से जोड़कर देखा जा रहा है।
वर्जन:: समय समय पर कोर्ट परिसर में चेकिंग की जाती है। सोमवार को भी कोर्ट की सुरक्षा के मद्देनजर चेकिंग की गई थी। बार संघ का चुनाव भी है। इन्हीं तमाम बातों को ध्यान में रखते हुए चेकिंग की गई। आदित्य के सरेंडर अफवाह भी उड़ती रही। ...अनिल कुमार, सीओ सिटी