हल्दौर। नगर में बूढ़े बाबा के मठ पर आगामी 29 अगस्त को आयोजित दोयज मेले की तैयारियां जोरों पर की जा रही हैं। मेले के दौरान हाईवे पर जाम की रोकथाम करने और यातायात सुचारू रूप से रखने के उद्देश्य से रूट डायवर्जन प्लान की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
नगर के पानीपत- खटीमा हाईवे के निकट बूढ़े बाबा का एक प्राचीन मठ है। क्षेत्रवासियों के अनुसार प्राचीन काल में उक्त मठ निकटवर्ती गांव बल्दिया में स्थित है। नगर के आलोक रस्तोगी, संतोष कुमार भारद्वाज, संतोष कुमार मिश्रा आदि के अनुसार उनके बुजुर्ग बताते है कि कई वर्ष पूर्व गांव बल्दिया से बाबा के मठ से कुछ नगरवासी मिट्टी उठाकर सम्मान पूर्वक उक्त हाईवे किनारे लाकर रखी गई। इसके बाद हल्दौर रियासत के तत्कालीन राजा द्वारा बूढ़े बाबा के मठ का निर्माण कराया गया। बूढ़े बाबा के मठ पर हर साल भाद्रपद मास की शुक्ल पक्ष की द्वितीय तिथि को मेले का आयोजन किया जाता है।
मेले में मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, दिल्ली व आसपास क्षेत्र से भारी तादाद में महिलाएं एवं श्रृद्धालु अपने मासूम बच्चों और अपने परिवार वालों को चर्म रोगों से निजात दिलाए जाने के लिए बाबा के मठ पर प्रसाद चढ़ाते हैं। श्रद्धालुओं की ऐसी मान्यता है कि बाबा के मठ पर सच्चे मन से पूजा अर्चना करने और प्रसाद चढ़ाने से मानव शरीर को चर्म रोग से छुटकारा मिलता है। मेले के दौरान पानीपत- खटीमा हाईवे पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगने से जाम की स्थिति पैदा हो जाती है।
मेला ठेकेदार बसीम के अनुसार मेले आयोजन की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही है। बूढ़े बाबा के मठ की रंगाई पुताई व आसपास सफाई व्यवस्था आदि कार्य किए जा रहे हैं। बाबा के मठ को मनमोहक और आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है। गांव बल्दिया निवासी विनीत कुमार, युवराज सिंह, चंकी चौधरी, राजेंद्र सिंह आदि ग्रामीणों के अनुसार गांव बल्दिया में भी भाद्रपद की दोयज पर बूढ़े बाबा दोयज मेले की भी तैयारियां जोरों पर है।
ये रहेगी यातायात व्यवस्था
थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि उक्त हाईवे पर मेले के आयोजन के दिन यातायात सुचारू रूप से रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया जा रहा है। मेले के दौरान हाइवे पर भारी वाहनों का आवागमन पूर्ण रुप से बंद रहेगा। धामपुर से बिजनौर जाने व बिजनौर से धामपुर की जाने भारी वाहनों को नहटौर -- झालू मार्ग से होकर गुजरना पड़ेगा। मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।