बिजनौर। जिले में दवाइयों के नमूने फेल आने का सिलसिला जारी है। अब फिर एक और दवा का नमूना मानकों पर खरा नहीं उतरा। एसिडिटी के इलाज में काम आने वाला रोजी-डीएसआर कैप्सूल का नमूना जांच में फेल निकला। औषधि निरीक्षक उमेश भारती ने साहनपुर के मोहल्ला सानियान स्थित इब्ने सउद राहत के इरम मेडिकल स्टोर से नवंबर 2025 में रोजी-डीएसआर कैप्सूल का नमूना लिया था। इस कैप्सूल में रेबिप्राजोल व डोमपेरिडोन का मिश्रण है। नमूने को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेजा गया। जांच रिपोर्ट में रेबिप्राजोल की मात्रा मानक से काफी कम पाई गई है। कैप्सूल की निर्माता कंपनी सुपरक्योर बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड, कुंडली हरियाणा है। जबकि, कंपनी फॉर्चून बायो फार्मा प्राइवेट लिमिटेड, विष्णु विहार, जानसठ रोड मुजफ्फरनगर ने इस कैप्सूल को बाजार में बेचा। औषधि निरीक्षक उमेश भारती ने बताया कि रोजी-डीएसआर कैप्सूल में जांच में रेबिप्राजोल मानक से काफी कम मिला। नमूना फेल आने पर संबंधित के विरुद्ध वाद दायर कराया जाएगा।