नजीबाबाद - कोटावाली नदी रपटे में फंसी बस।
शुक्रवार को भी नेपाल की एक टूरिस्ट बस इसी रपटे में फंस गई थी
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद/भागूवाला (बिजनौर)। नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर कोटद्वार से देहरादून जा रही रोडवेज बस कोटावाली नदी के रपटे में फंस गई। यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया। शुक्रवार को भी नेपाल की एक टूरिस्ट बस इसी रपटे में फंस गई थी।
शनिवार दोपहर कोटद्वार से देहरादून जा रही बस कोटावाली नदी रपटे को पार करते फंस गई। बस फंसते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। संयोग से रपटे पर कम पानी बह रहा था।
सूचना मिलते ही मंडावली थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जेसीबी के माध्यम से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बस चालक ख्यात सिंह और परिचालक शेर सिंह ने बताया कि रपटे को पार करते समय बस का पहिया एक ओर उतर गया। इस कारण रपटे के पानी में बस फंस गई थी। सभी यात्री सुरक्षित निकाल लिए गए थे।