नूरपुर-नहटौर मार्ग पर पुल के नीचे गिरी रोडवेज बस और जमा भीड़।
नूरपुर (बिजनौर)। हरिद्वार से रुपईडिया जा रही एक रोडवेज बस स्टेयरिंग फेल होने के कारण पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब बीस फिट गहरी खाई में जा गिरी। इस दौरान बस में बैठी सवारियों में चीख पुकार मच गई। गनीमत रही बस पलटी नहीं। जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।
शुक्रवार को रुपईडिया डिपो की रोडवेज बस हरिद्वार से आते समय नहटौर मार्ग पर गांव कुंडा खुर्द की पुलिया की रैलिंग तोड़ते हुए करीब बीस फिट गहरी खाई में जा गिरी। बस चालक इंद्रसेन जायसवाल के अनुसार स्टेयरिंग फेल होने के कारण यह हादसा हुआ। हादसा दोपहर करीब एक बजे हुआ। बस में सवार करीब पच्चीस सवारियों में चीख पुकार मच गई। यात्रियों की चीख पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं। जिस कारण किसी यात्री को चोट नहीं आई। सूचना पाकर थानाध्यक्ष संजय कुमार तोमर व उप निरीक्षक आनंदपाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ आ पहुंचे। पुलिस ने यात्रियों को अन्य रोडवेज बस से गंतव्य के लिए रवाना किया।