- कई सरकारी कार्यालयों के परिसर तालाब में तब्दील हुए
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। बारिश ने रविवार को नगरपालिका परिषद के विकास कार्यों की पोल खोलकर रख दी। नगर के नाले-नालियों की तलछट सफाई नहीं हुई। जिससे कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
टीचर्स काॅलोनी के लोगों का आरोप है कि पुराना धामपुर चुंगी पर हाईवे किनारे स्थित नालाें की अभी तक सफाई नहीं हुई। डाॅक्टर कमाल के अस्पताल के निकट एक व्यक्ति के शोरूम का निर्माण हो रहा है। उसने नाला पूरी तरह से बंद कर रखा है। जिसके कारण कई घरों में बरसात का पानी भर गया। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से कन्या इंटर कॉलेज परिसर, नगरपालिका कार्यालय परिसर, शिवाजी पार्क, मनभावन बैंक्वेट हॉल, रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन मार्ग, क्षत्रियनगर से रोडवेज बस डिपो तक एक से डेढ़ फीट तक पानी जमा रहा। शिवाजी पार्क तालाब तब्दील हो गया।
नगर के विकास कुमार, नागेश्वर सिंह, नरदेव सिंह, सुभाष कुमार का कहना है कि उनके द्वारा कई बार पालिका के ईओ सुभाष कुमार को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने कहा कि वह ईओ से वार्ता करेंगे। लोगों की समस्याओं को सुन निदान कराने का उन्हें प्रयास करना चाहिए।
बारिश से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत
फोटो समाचार
कालागढ़। रविवार सुबह से ही क्षेत्र में हो रही झमाझम बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की है। बारिश के चलते शिवालिक पर्वतों पर निखार आ गया। ग्रामीण क्षेत्र में लोग घरों में सिमट कर रह गए। बारिश के चलते बिजली व्यवस्था भी गड़बड़ा गई। भिक्कावाला बिजलीघर से धर्मपुरा एवं मीरापुर फीडर पर अनेक ग्रामों की बिजली आपूर्ति सुबह छह बजे से बंद रही। जिससे दर्जनों गांवों में बिजली न आने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जेई ओमकार सिंह का कहना है कि बिजली की लाइनों पर काम शुरू कर दिया गया है। समस्या का समाधान जल्दी हो जाएगा।