अतिक्रमण से संकरी हुईं नगर की सड़कें, रोज लग रहा जाम
नजीबाबाद। नगर पालिका परिषद क्षेत्र की सड़कें अतिक्रमण से संकरी हो गईं हैं। कहीं सड़क की पटरियों पर दुकानें सज रहीं हैं तो कहीं ठेले वालों ने सड़क पर कब्जा कर रखा है। अतिक्रमण से आए दिन शहर में लग रहे जाम से राहगीरों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर का रेलवे स्टेशन मार्ग, सीकेआई चौराहा, नजीबाबाद-बुंदकी मार्ग अति व्यस्तम मार्ग है। जहां से वाहनों की अधिक आवाजाही होती है। यहां पर सड़क की पटरियों पर दुकानदारों ने कब्जा कर रखा है। रही सही कसर फल विक्रेताओं ने ठेले लगाकर पूरी कर दी है। नगर में आए सुनील चौहान, विकास कुमार, मनीष कुमार, सागर सिंह का कहना है कि रेलवे स्टेशन मार्ग पर आवागमन में सबसे ज्यादा परेशानी होती है। दुकानों का अतिक्रमण, सड़क पर अवैध पार्किंग और बेतरतीब खड़े वाहनों से लगातार जाम की समस्या बनी हुईं है।
लोगों की मांग है कि नगर पालिका प्रशासन अतिक्रमण हटवाए, ताकि लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से निजात मिल सके। नगर पालिका प्रशासन ने रेलवे स्टेशन मार्ग के दुकानदारों और व्यापारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का एक माह का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान भी ठंडें बस्ते में चला गया।
दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई है, जल्द ही अभियान चलाकर सड़कों से अतिक्रमण हटवाया जाएगा
- विजय वर्धन तोमर, एसडीएम, नजीबाबाद।