कार्बेट टाइगर रिजर्व के वनों में हाथी से गश्त करते वन विभाग के अधिकारी।
फोटो समाचार
कालागढ़। शिवालिक पर्वत मालाओं में बारिश ने जंगलों के रास्ते ध्वस्त कर दिए हैं। रास्तों के खराब हो जाने पर वनों में हाथी से गश्त शुरू कर दी गई है। कालागढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों में बारिश से कार्बेट टाइगर रिजर्व एवं नेशनल पार्क के रास्ते ध्वस्त हुए हैं। कालागढ़ से पाखरो तक सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। कार्बेट नेशनल पार्क इन दिनों बंद है। बारिश के चलते ढेला एवं झिरना पर्यटन जोन दो दिन तक पर्यटकों के लिए बंद रहा। कार्बेट नेशनल पार्क के निदेशक डॉ. धीरज पांडेय ने बताया कि वनों में पैदल एवं हाथियों से गश्त की जा रही है। बरसात में वन्यजीव तस्कर सक्रिय होने की प्रबल आशंका रहती है। ऐसे में विशेष गश्त ऑपरेशन मानसून के तहत जारी है। सीमावर्ती इलाकों में उत्तर प्रदेश के वन विभाग से भी मदद ली जा रही है। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व एवं अमानगढ़ टाइगर रिजर्व, बिजनौर के वन विभाग के अधिकारी व कर्मी सघन गश्त कर रहे हैं।