पेराई सत्र से पहले दुरुस्त किए जाए बदहाल मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
नांगलसोती। चीनी मिलों में गन्ना पेराई सत्र शुरू होने से पूर्व किसानों ने बदहाल मार्गाें को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है। किसानों का कहना है कि बदहाल मार्गाें पर गन्ना ढुलान में भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
उत्तम शुगर मिल बरकातपुर से जुड़े नांगलसोती क्षेत्र में कई संपर्क मार्ग बदहाल है। किसानों कुलबीर सिंह, रोहित, जाकिर अली, नीरज सहरावत, सत्यपाल सिंह का कहना है कि आगामी पेराई सत्र में किसानों को चीनी मिल तक गन्ना ढुलान कार्य में भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी। नांगलसोती-चंदक मार्ग, नांगल से चीनी मिल तक नहर पटरी मार्ग, तिसोतरा से बरकातपुर चौराहे व पूंडरीकला तक संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त है। मार्ग के गहरे गड्ढों से किसानों के गन्ना वाहन क्षतिग्रस्त हो जाते है। किसान लगातार संपर्क मार्गों को सही कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली।
एक्सईएन ने मार्गाें का किया निरीक्षण
लोनिवि के एक्सईएन योगेंद्र कुमार ने शुक्रवार को क्षेत्र के बदहाल मार्गाें का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बहदाल मार्गाें को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान भाकियू अराजनैतिक के किसान नेता बलराम सिंह, कुलबीर सिंह, सत्यपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।
बदहाल मार्ग पर आवागमन करने को मजबूर
मंडावली। ग्रामीण क्षतिग्रस्त मार्गाें पर आवागमन करने को मजबूर है। किसानों नरेश चौहान, चमन तोमर, राजवीर सिंह, कल्याण सिंह ने मोहनपुर-काशीरामपुर संपर्क मार्ग, मंडावली से गांवड़ी, शेखुपुरा आलम-लाहकला संपर्क मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की।