शुक्रवार की सुबह नींदडू और नूरपुर क्षेत्र में हुए हादसे
संवाद न्यूज एजेंसी
नींदड/नूरपुर। नींदडू और नूरपुर क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह हुए सड़क हादसों ने दो युवकों की जिंदगी छीन ली। दोनों ही हादसे अज्ञात वाहनों से हुए। मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है।
पहला हादसा नींदडू में हुआ। शाही मस्जिद मोहल्ले के कल्लू का पुत्र सुहेल (20) शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे बाइक से धामपुर जा रहा था। रास्ते में उसने जामा मस्जिद मोहल्ले के आसिफ (24) पुत्र इंतजार को भी अपने साथ ले लिया। मौज्जमपुर जैतरा में धर्म कांटे के सामने किसी वाहन की टक्कर से दोनों घायल हो गए। अस्पताल ले जाते वक्त आसिफ की मौत हो गई। परिजन शव को घर ले आए। पिता इंतजार ने बताया कि आसिफ राजमिस्त्री का काम करता था। उसकी मौत से परिवार में गम का माहौल है।
नूरपुर में दूसरा हादसा हुआ। मॉर्निंग वॉक पर निकले मोहल्ला हजरतनगर निवासी बिलाल (25) पुत्र मोहम्मद यूसुफ को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बृहस्पतिवार की रात बिजनौर मार्ग स्थित खासपुरा के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से धामपुर की अल्हेपुर रानी बाग कॉलोनी निवासी अभिषेक त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य में भर्ती कराया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।