वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप में दमखम दिखाएगा ऋषभ
नजीबाबाद। आदर्शनगर निवासी रिषभ चौधरी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ताइक्वांडो में अपना दमखम दिखाएगा। ऋषभ चौधरी का चयन मैक्सिको में होने वाली वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2022 के लिए हुआ।
जिला बिजनौर ताइक्वांडो एसोसिएशन के खिलाड़ी और नजीबाबाद निवासी रिषभ चौधरी का चयन वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए हुआ है। एसोसिएशन के सचिव राजू राजपूत ने बताया कि ऋषभ चौधरी 13 से 20 नवंबर तक मैक्सिको में वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेगा। राजू राजपूत ने बताया कि ऋषभ चौधरी जिले व प्रदेश स्तर पर कई मेडल जीतकर ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखा चुका है। हाल ही में नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में ऋषभ ने जिले का नाम रोशन करते हुए सिल्वर मेडल जीता है। अब ऋषभ चौधरी मैक्सिको में होने वाली वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेगा। एसोसिएशन के सचिव राजू राजपूत और अन्य पदाधिकारियों ने ऋषभ चौधरी को शुभकामनाएं देकर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।