सिद्धबली एक्सप्रेस से यात्रा के लिए आरक्षण जरूरी
एजाज अहमद
नजीबाबाद (बिजनौर)। कोटद्वार से दिल्ली के बीच संचालित सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस से सफर के लिए यात्रियों को आरक्षण कराना जरूरी है। साधारण श्रेणी के टिकट मान्य न होने से इस श्रेणी के यात्री परेशान हैं। इस ट्रेन से सफर के लिए यात्रियों को सीटिंग सीसी और टू-एस श्रेणी में आरक्षण कराना अनिवार्य है। एक्सप्रेस के लिए साधारण श्रेणी के टिकट मान्य नहीं हैं।
कोरोनाकाल के बाद कोटद्वार से दिल्ली जाने वाली गढ़वाल एक्सप्रेस के समय पर रेलवे ने सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस शुरू की थी। गढ़वाल एक्सप्रेस को अब रद्द ट्रेनों से हटा दिया गया है। कोटद्वार से दिल्ली के लिए सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस एकमात्र ट्रेन है। गढ़वाल एक्सप्रेस से साधारण श्रेणी के टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अब सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस का चार्ट निकले से पहले आरक्षण कराना जरूरी है। जनशताब्दी एक्सप्रेस में नजीबाबाद से दिल्ली तक का किराया 135 रुपये प्रति यात्री है, जबकि साधारण श्रेणी के यात्रियों का किराया 85 रुपये है। 50 रुपये अधिक किराया देकर सामान्य वर्ग के यात्रियों को दिल्ली तक का जनशताब्दी से सफर करना चुनौती बन रहा है।
यही वजह है कि जनशताब्दी एक्सप्रेस से साधारण श्रेणी के गिने-चुने यात्री सफर कर रहे हैं। क्षेत्रीय कारोबारियों शिव कुमार माहेश्वरी, नईम टाटा, शाहिद सिद्दीकी, विनोद मित्तल ने जनशताब्दी एक्सप्रेस में साधारण श्रेणी का टिकट जनहित में मान्य किए जाने की मांग की है। विधायक हाजी तसलीम अहमद ने कोटद्वार से दिल्ली के बीच कोरोनाकाल से बंद गढ़वाल एक्सप्रेस का संचालन जनहित में पुन: शुरू कराने के लिए रेल महाप्रबंधक को पत्र लिखा है।
पैसेंजर ट्रेनों में लिया जा रहा मेल का किराया
कोरोना काल के बाद संचालित नजीबाबाद-गजरौला, नजीबाबाद-कोटद्वार, ऋषिकेश-बांदीकुई जैसी यात्री ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों से रेलवे मेल किराया वसूल कर रहा है। जिससे छोटे हाल्ट पर सफर करने वाले यात्रियों से ट्रेनों का सफर दूर हो रहा है। न्यूनतम दूरी के यात्रियों से 10 रुपये के स्थान पर रेलवे द्वारा मेल किराए के रूप में 30 रुपये वसूला जा रहा है। रेल सूत्र बताते हैं कि जल्द ही पैसेंजर ट्रेनों को रेलवे एक्सप्रेस ट्रेनों में तब्दील करने जा रहा है। ऐसा होने पर यात्रियों पर और भी अधिक आर्थिक दबाव बनेगा।