शिक्षक को गोली मारने में अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज
बिजनौर। बिजनौर की श्याम विहार कॉलोनी निवासी मयंक राणा प्राथमिक विद्यालय जलालपुर छोईया में मुख्य अध्यापक हैं। बृहस्पतिवार रात करीब पौने दस बजे वह स्कूटी से रामलीला मैदान स्थित अपने वाटर आरओ प्लांट से घर जा रहे थे। बुखारा चौराहे पर बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्टल से उन पर गोलियां बरसा दीं। कमर में गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शनिवार को मयंक राणा की पत्नी अर्चना राणा ने शहर कोतवाली में इस मामले में दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। शहर कोतवाल रमेशचंद्र शर्मा के मुताबिक पुलिस घटना की जांच में लगी है। शिक्षक पर हमला करने वालों का अभी पता नहीं चला है।