- भाकियू की चढ़ूनी की ओर से चीनी मिल पर की गई महापंचायत
- प्रशासन के साथ हुई किसानो की वार्ता रही बेनतीजा
- कुछ किसानों ने भी भाकियू चढूनी के खिलाफ सौंपा शिकायती पत्र
फोटो..10
संवाद न्यूज एजेंसी हल्दौर (बिजनौर)। बिलाई चीनी मिल पर भाकियू चढूनी के पदाधिकारियों के साथ हुई मारपीट और तंबू उखाड़ने के मामले में चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस मसले और गन्ना भुगतान को लेकर बृहस्पतिवार को चीनी मिल पर महापंचायत हुई। महापंचायत में पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई वार्ता बेनतीजा रही। इस विवाद में किसानों का गुट ने भाकियू चढ़ूनी के पदाधिकारियों के खिलाफ भी एसडीएम को ज्ञापन दिया है।
बृहस्पतिवार को चालू सत्र का बकाया भुगतान तीन करोड़ रुपये प्रतिदिन दिलाए जाने को लेकर आयोजित महापंचायत में बुधवार को कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट की घोर निंदा की गई। किसानों ने प्रशासनिक अधिकारियों को अपने बीच बैठा लिया और मिल अधिकारियों के खिलाफ मारपीट की जांच कर और अन्य मिल अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज गिरफ्तार करने की मांग की। पांच फरवरी से मिल को गन्ना नहीं देने का ऐलान किया। मिल गेट पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रखने की घोषणा की है।
बता दें कि बिलाई चीनी मिल पर किसानों के गन्ने का चालू सत्र का करीब 250 करोड़ से अधिक बकाया है। 21 जनवरी से प्रतिदिन के हिसाब से अब तक 36 करोड़ रुपये हो चुका है। किसानों ने आरोप लगाया कि भुगतान को लेकर चीनी मिल ने वादाखिलाफी की है। आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं के षड्यंत्र के साथ कुछ शरारती तत्वों के साथ मिलीभगत कर धरने पर मौजूद कार्यकर्ताओं को दौड़ाकर पीटा।
पंचायत में ये रहे मौजूद
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सोहनपाल सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष बुलंदशहर सुबे सिंह डागर, खुर्जा तहसील अध्यक्ष रिजवान चौधरी, प्रदीप चौधरी, अशोक कुमार, अमरोहा जिलाध्यक्ष नरेश चौधरी, दिलप्रीत सिंह, जिलाध्यक्ष छतर सिंह, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के युवा अध्यक्ष विकास चौधरी, युवा जिलाध्यक्ष अतुल कुमार, धूम सिंह प्रधान, मनोज कुमार, कल्याण सिंह आदि मौजूद रहे।
जेल भरो आंदोलन की दी चेेतावनी
संगठन के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष ने किसानों ने चालू सत्र का तीन करोड़ रुपये प्रतिदिन नहीं देने पर पांच फरवरी से मिल को गन्ना नहीं देने और जेल भरो आंदोलन आदि की चेतावनी दी है। कहा कि 21 जनवरी से अब तक का एक मुश्त भुगतान व चालू सत्र का तीन करोड़ रुपये प्रतिदिन नहीं दिया जाता संगठन का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
इनके खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
बुधवार शाम धरनारत भाकियू चढूनी के पदाधिकारियों के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी थी। इनके तंबू को उखाड़ दिया था। युवा जिलाध्यक्ष अतुल कुमार का रोते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इस मारपीट के मामले में बिलाई चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक जयवीर सिंह, डल्लू धनौरी के देवेंद्र सिंह और अज्ञात के खिलाफ चढूनी के जिलाध्यक्ष छतर सिंह की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
संगठन के खिलाफ की शिकायत
कुछ किसानों ने एसडीएम सदर से मिलकर शिकायती पत्र दिया। जिसमें कहा गया कि यूनियन के लोग आए दिन मिल पर धरना-प्रदर्शन करते हैं। मिल बंद कराने और गन्ना नहीं लाने के लिए धमकाते हैं। धरना-प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
वीडियो वायरल, टेंट का किराया न देने का आरोप
एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस वीडियो में दिख रहा व्यक्ति खुद को टेंट लगाने वाला बता रहा है। साथ ही कह रहा है कि बिलाई मिल पर उसने किसानों के लिए टेंट लगाया था और उसका किराया नहीं दिया गया। इसलिए उसने टेंट उखाड़ लिया।
कोट
जो भी कुछ बुधवार की देर शाम हुआ, उससे प्रशासन का कोई लेना देना नहीं है। बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंचकर वार्ता कराई गई, लेकिन भुगतान की वार्ता विफल रही। जो तहरीर दी गई है उस पर कार्रवाई करा दी जाएगी - मोहित कुमार, एसडीएम सदर
-
चीनी मिल का इस विवाद से कोई लेना देना नहीं है। यह दो गुटों का झगड़ा था, दूसरे गुट ने भी तहरीर दे दी है। टेंट वाले ने ही टेंट हटाया था, टेंट वाले का 16 हजार रुपये बकाया था। सीसीटीवी फुटेज भी देखी गई है। चीनी मिल गेट की लाइटों को बंद करने के भी आरोप गलत हैं, उस वक्त फॉल्ट के चलते लाइट बंद थी। जिन्हें तुरंत ही ठीक करा दिया गया था - संजय गोयल, कारखाना प्रबंधक, बिलाई चीनी मिल