-स्थानीय लोगों को किया गया था दरकिनार, बाहरी लोगों नेे बना ली थी समिति
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर/चंदक। महाभारत कालीन गलखा देवी मंदिर के लिए फर्जी तरीके से बनाई गई समिति के 11 सदस्यों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद जांच में फर्जी समिति बनने का मामले प्रकाश में आने पर कार्रवाई की गई। यह समिति तथ्य छुपाकर और स्थानीय लोगों को दरकिनार करके बनाई गई थी।
मंडावर थाना क्षेत्र के मौजा चंद्रभानपुर किशोर में प्राचीन सिद्ध पीठ मां अंबिका देवी गलखा मंदिर है। इस मंदिर की देखभाल स्थानीय लोग करते थे। मगर कुछ बाहरी लोगों ने तथ्य छुपाकर और स्थानीय लोगों को दरकिनार कर आठ अप्रैल को सोसाइटी रजिस्ट्रेशन अधिनियम 1860 के अधीन पंजीकरण संख्या बीआईजे-00213-2024-25 रजिस्टर्ड कराई।
इसे लेकर स्थानीय लोगों और समिति में विवाद भी चल रहा था। ट्रस्ट या समिति निजी जमीन पर बनाया जाती है। सरकारी जमीन पर नहीं बनाया जाती है। जिसके चलते बुधवार को एसडीएम सदर मनोज कुमार सिंह ने तहसीलदार अमरपाल सिंह सहित पूरी टीम के साथ मंदिर पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
एसडीएम सदर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि समिति में अध्यक्ष देशराज सिंह पुत्र आशाराम निवासी फतेहपुर सभाचंद, उपाध्यक्ष रसिक चौहान पुत्र राजीव कुमार निवासी इस्लामपुर दीपा भरत विहार काॅलोनी बिजनौर, प्रबंधक शीशराम पुत्र शादी निवासी मानवाला, कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार चौहान पुत्र हरज्ञान सिंह निवासी अमीपुर उर्फ नारायनपुर सहित 11 सदस्य हैं। जिनके विरूद्ध तथ्यों को छिपाकर समिति बनाकर धोखाधड़ी से सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने का मुकदमा मंडावर थाने में दर्ज कराया गया।
0.544 हेक्टेयर है सरकारी भूमि
हल्का लेखपाल निशीकांत मिश्रा ने बताया कि प्राचीन सिद्ध पीठ मां अंबिका देवी गलखा मंदिर की करीब 0.544 हेक्टेयर जमीन है। जो भूमि राजस्व स्व अभिलेखो में बंजर श्रेणी 5-3-क कृषि योग्य बंजर दर्ज है।
मंडावर क्षेत्र के प्राचीन सिद्ध पीठ मां अंबिका देवी गलखा मंदिर समिति के संचालकों के विरूद्ध तथ्यों को छिपाकर धोखाधड़ी से सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने का मामला जांच में प्रकाश में आया था। जिसको लेकर थाना मंडावर में एफआईआर दर्ज कराई गई है।....मनोज कुमार सिंह, एसडीएम सदर, बिजनौर
समिति इसलिए बनाई गई थी कि मंदिर का पैसा सही मद में खर्च हो। उसका हिसाब किताब रखा जाए। उनके कार्यकाल में मंदिर के भव्य गेट का निर्माण कराया गया। भंडारे के लिए हॉल बनाया गया। कुछ लोगों ने रंजिशन एक भाजपा नेता से कहकर मुकदमा दर्ज कराया है। - देशराज, समिति अध्यक्ष