अस्पताल संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, जेल भेजा
बिजनौर। मरीजों के जीवन से खिलवाड़ करने वाले अस्पताल संचालक के खिलाफ केस दर्ज करते हुए जेल भेज दिया। एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। दरअसल प्रशासन की टीम ने अस्पताल में छापामारी की थी, जहां बिना लाइसेंस ही मेडिकल स्टोर चलता मिला। बिना सर्जन ही अस्पताल में ऑपरेशन भी किए जा रहे थे।
औषधि निरीक्षक की ओर से अस्पताल संचालक डॉ. हैदर कमाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। डॉ. हैदर कमाल का बृहस्पतिवार को पुलिस ने चालान करते हुए कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बता दें कि बुधवार को पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जीवन अस्पताल में छापामारी की थी। जिसमें कई मरीज भर्ती मिले, कुछ मरीजों का ऑपरेशन भी किया गया था। अस्पताल संचालक ने जिस सर्जन का नाम टीम को बताया, वह आठ दिनों से अस्पताल में ही नहीं आया था। ऐसे में बिना सर्जन ही सर्जरी करने का गंभीर मामला सामने आया। साथ ही अन्य विशेषज्ञों की तैनाती भी अस्पताल में नहीं मिली थी।
इसके अलावा अस्पताल में मेडिकल स्टोर भी चलता पाया गया, जिसका लाइसेंस ही नहीं था। जिसके बाद अस्पताल को सील कर दिया गया था। मेडिकल स्टोर में नशे की तमाम दवाइयां भी टीम को मिली। रिपोर्ट में एनडीपीएस एक्ट की धाराएं भी लगी हैं। बताया जा रहा है कि यह अस्पताल पिछले चार सालों से संचालित था, तभी से मेडिकल स्टोर भी चल रहा था। सूत्रों की मानों तो जिला मुख्यालय पर अभी दो और अस्पताल इसी तरह से संचालित हो रहे हैं। जिनमें तमाम कमियां बताई जा रही है। धामपुर में भी एक अस्पताल फर्जी तरीके से संचालित किया जा रहा है। कुछ मेडिकल स्टोर भी बिना लाइसेंस ही संचालित किए जाने की खबरें मिलती रहती हैं।
वर्जन::
अस्पताल संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए बृहस्पतिवार को चालान कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
-रविंद्र वशिष्ठ, शहर कोतवाल