धामपुर कोतवाली क्षेत्र की युवती ने दर्ज कराया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर (बिजनौर)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने जिला मुरादाबाद के छजलेट थाना क्षेत्र के गांव मथाना निवासी पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दोनों पर शादी करने के लिए दबाव बनाने, अन्यत्र रिश्ता हो जाने पर मामले को रफा-दफा करने की आड़ में 10 लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
युवती ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके मौसेरे भाई मुकेश का साला नरेश पुत्र चंद्रपाल जिला मुरादाबाद के छजलेट थाने के गांव मथाना का निवासी है। नरेश उस पर जबरन शादी करने का दबाव बना रहा था। मगर, उसने मना कर दिया। उसके माता-पिता ने 23 अक्तूबर को उसका रिश्ता नूरपुर थाना क्षेत्र में एक युवक से कर दिया। गोद भराई की रस्म भी हो चुकी है।
आरोप है कि नरेश ने उसे फिर से फोन करने शुरू कर दिए। कहा कि या तो तू शादी मुझे करेगी। वरना अपने बाप से 10 लाख रुपए दिलवा दे। वरना मैं तेरी शादी नहीं होने दूंगा। उसे और उसके परिवार को भी जान से मारने की धमकी दी। उसने यह बात अपने माता-पिता को बताई। इस पर उसके पिता अपने रिश्तेदाराें को लेकर आरोपी नरेश के घर पर गए और उसके पिता चंद्रपाल से वार्ता की।
आरोप है कि नरेश का पिता चंद्रपाल भी युवती की शादी अपने पुत्र से करने की बात करने लगा। दस लाख रुपये की मांग भी की। कोतवाल किरनपाल सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी।