बिना अनुमति पशु बाजार लगाने पर 20 के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
नूरपुर। बिना अनुमति पशु बाजार लगाने के आरोप में पुलिस ने बाजार के ठेकेदारों सहित 20 अज्ञात के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
माहामारी के चलते जनपद में सभी साप्ताहिक बाजारों पर रोक लगी है। स्योहारा रोड पर लगने वाला साप्ताहिक पशु बाजार भी पिछले तीन माह से नहीं लगा था। बुधवार को बाजार के ठेकेदारों ने बिना किसी अनुमति के पशु बाजार लगा दिया। बाजार लगने की सूचना पर हजारों व्यापारी बाजार में पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर व्यापारियों को वहां से खदेड़ दिया। इस संबंध में कस्बा इंचार्ज दिनेश कुमार की ओर से पशु बाजार के ठेकेदार मोहल्ला शहीदनगर निवासी जाहिद हुसैन और मोहम्मद रिजवान सहित 15-20 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 144 का उल्लंघन करने व महामारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांचाल ने बताया कि बाजार लगने की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस भेजकर लोगों को वहां से हटा दिया गया था। दोनों ठेकेदारों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।