धामपुर-नूरपुर राज्य राजमार्ग की मरम्मत कार्य शुरू
नींदडू़। धामपुर-नूरपुर राज्य राजमार्ग की मरम्मत का कार्य आरंभ होने से ग्रामीण एवं राहगीरों को राहत मिली है।
नींदडू़ खास निवासी सामाजिक कार्यकर्ता माहिर जलील ने 31 जुलाई 2020 को जनसुनवाई के तहत मुख्यमंत्री से शिकायत कर खस्ताहाल हो चुके धामपुर-नूरपुर राज्य राजमार्ग की मरम्मत एवं पुन: निर्माण की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए प्रभारी अधिकारी (जनसुनवाई) कार्यालय जिलाधिकारी बिजनौर को मार्ग की मरम्मत कराने के आदेश दिए थे। अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोकनिर्माण विभाग बिजनौर के अनुसार धामपुर से नूरपुर तक का मार्ग अन्य जिला श्रेणी स्तर का मार्ग है। अगस्त 2020 में धामपुर-नूरपुर मार्ग (अजिमा) के किलोमीटर एक से 21 (900) तक नवीनीकरण का कार्य आरंभ किया गया था, वर्षा होने के कारण निर्माण कार्य बाधित हो गया। मौसम अनुकूल होते ही मरम्मत का कार्य पुन: शुरू हो गया है।