- जिले में बने 23 पंजीकरण व अग्रसारण केंद्र, एनआरआई के लिए दो केंद्र निर्धारित
बिजनौर। यदि आप यूपी बोर्ड से इंटर का व्यक्तिगत परीक्षा फार्म भरने की सोच रहे हैं, तो अपना पंजीकरण करा लें। क्योंकि यूपी बोर्ड ने इंटर का व्यक्तिगत अर्थात प्राइवेट फार्म भरने के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया है। जिले में 23 पंजीकरण/अग्रसारण केंद्र बनाए गए हैं। एनआरआई अर्थात विदेशी आवेदकों के लिए दो अलग केंद्र हैं।
डीआईओएस कार्यालय के अनुसार यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटर के वर्ष 2024 के परीक्षा फार्म भरने के कार्यक्रम की घोषणा हो गई है। इंटर का फार्म भरने के लिए परीक्षार्थी का पंजीकरण जरूरी है। जिले के 17 राजकीय इंटर कॉलेज व 06 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों को पंजीकरण केंद्र बनाया गया है। पंजीकरण उसी आवेदक का होगा जो उत्तर प्रदेश में कम से कम दो साल का निवासी हो। आवेदक को निवास प्रमाणपत्र देना अनिवार्य है। आवेदक कोई भी जानकारी डीआईओएस कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
डीआईओएस रामाज्ञा कुमार के अनुसार एनआरआई आवेदकों के लिए दो केंद्र हैं। जो आवेदक अंग्रेजी भाषा माध्यम से इंटर की परीक्षा देना चाहता है उसका पंजीकरण भी इन्हीं दो केंद्रों पर होगा। संबंधित विद्यालयों को निर्देश भेज दिए गए हैं। हर केंद्र पर पंजीकृत होने वाले परीक्षार्थियों की संख्या निर्धारित है। एक केंद्र पर हाईस्कूल के 600 व इंटर के 400 परीक्षार्थियों अर्थात दोनों को मिलाकर कुल 1000 परीक्षार्थियों का पंजीकरण हो सकेगा।
ये है एनआरआई पंजीकरण केंद्र
डीआईओएस रामाज्ञा कुमार के अनुसार एनआरआई के लिए राजकीय इंटर काॅलेज बिजनौर तथा बालिका वर्ग के लिए राजकीय बालिका इंटर काॅलेज बिजनौर पंजीकरण केंद्र हैं। अंग्रेजी भाषा माध्यम से इंटर परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं के पंजीकरण इन्हीं केंद्रों पर होंगे। केवल पत्राचार के लिए एमएम इंटर कॉलेज नगीना, डीएवी कन्या इंटर कॉलेज नगीना, कन्या इंटर कॉलेज धामपुर, एमएम इंटर कॉलेज चांदपुर, वैदिक कन्या इंटर कॉलेज चांदपुर तथा एमडीकेवी नजीबाबाद पंजीकरण केंद्र हैं।